पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला, सेना के काफिले को बनाया निशाना, 90 जवानों की मौत का दावा

पाकिस्तान में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस बार बलूच आतंकियों ने सीधे पाकिस्तान सेना को निशाना बनाया है। यह हमला भारत में हुए पुलवामा हमले से मिलता-जुलता नजर आ रहा है। बलूचिस्तान के नोश्की में सुरक्षाबलों के काफिले पर भीषण हमला किया गया, जिसमें सात बसों और दो कारों को निशाना बनाया गया।

पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में अब तक 5 जवानों की मौत हो गई है और 13 सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि इस हमले में करीब 90 सैनिक मारे गए हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक बस को व्हीकल-बॉर्न IED (संभावित आत्मघाती हमला) से उड़ा दिया गया, जबकि दूसरी बस पर क्वेटा से ताफ्तान जाते समय रॉकेट संचालित ग्रेनेड से हमला किया गया। घायलों को तत्काल नोश्की और FC कैंप में इलाज के लिए भेजा गया है। नोश्की के SHO सुमालानी ने आशंका जताई है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई सैनिकों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बलूच लिबरेशन आर्मी का बयान

हमले के बाद बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने आधिकारिक बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि उनकी फिदायीन इकाई मजीद ब्रिगेड ने नोश्की में आरसीडी हाईवे पर स्थित रखशान मिल के पास वीबीआईईडी (व्हीकल-बॉर्न इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के जरिए पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाया। काफिले में कुल आठ बसें शामिल थीं, जिनमें से एक विस्फोट में पूरी तरह नष्ट हो गई।

BLA के अनुसार, हमले के तुरंत बाद फतेह दस्ता नाम की एक अन्य टुकड़ी ने दूसरी बस को पूरी तरह से घेर लिया। इस सुनियोजित हमले में बस में सवार सभी पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया गया, जिससे कुल 90 सैनिकों के मारे जाने का दावा किया गया है।