उल्हासनगर: पार्किंग विवाद में भिड़े दो व्यापारी गुट, पांच लोगों ने मिलकर दो को बुरी तरह पीटा, मामला दर्ज

मुंबई ठाणे जिले के उल्हासनगर में पार्किंग को लेकर हुए एक विवाद में व्यापारियों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। यह घटना मंगलवार शाम की है। आज गुरुवार को इस घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। इसमें कुछ लोग दो व्यापारियों को बुरी तरह से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के आधार पर एक पक्ष द्वारा दूसरे के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करवाया गया है।

सेंट्रल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुधाकर सुरडकर ने बताया कि घटना फर्नीचर बाजार की है। यहां एक दुकान के सामने टेम्पो खड़ा करने को लेकर व्यापारियों के दो गुटों के बीच विवाद शुर हो गया। इस मामले में मुख्य आरोपी दर्शन सिंह ने उनकी दुकान के सामने खड़े विजय मखीजा के टेम्पो की हवा निकाल दी थी, इसके बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ।

कहा सुनी पर शुरू हुआ विवाद हाथ पाई में बदल गया। पांच व्यापारियों ने मिलकर विजय मखीजा और अजय मखिजा नाम के दो व्यापारियों की बुरी तरह से पिटाई कर दी। इसमें अजय मखीजा गंभीर रूप से घायल हुए हैं और विजय मखीजा को मामूली चोटें आईं हैं। दोनों का मुंबई के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज जारी है।

सुरडकर ने आगे बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ सेंट्रल पुलिस थाने में IPC की धारा 307, 147, 148, 149, 504 और 506 के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में वीडियो फुटेज के आधार दर्शन सिंह समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।