इस राज्य में बढ़ा संक्रमण, सरकार ने दिखाई सख्ती, विमान से सफर करने वालों को 14 दिनों का होम आइसोलेशन अनिवार्य

BMC ने मुंबई आने वाले लोगों के लिए होम आइसोलेशन और क्वारंटाइन के नियमों में बदलाव किया है। नियमों में बदलाव के बाद अब विमान से मुंबई आने वाले सभी यात्रियों को अनिवार्य रूप से 14 दिनों तक होम आइसोलेशन में रहना होगा। मुंबई आने वाले यात्रियों को अनिवार्य रूप से 14 दिन के क्वारंटाइन में भेजने के पीछे महाराष्ट्र सरकार का तर्क है कि इससे कोरोना वायरस के अधिक तेजी से फैलने पर रोक लगेगी। लेकिन BMC के इस फैसले को लोग सुशांत सिंह राजपुत आत्महत्या मामले की सीबीआई (CBI) जांच से भी जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि CBI जांच को लटकाने के लिए महाराष्ट्र सरकार की तरफ से BMC ने 14 दिनों के क्वारंटाइन को अनिवार्य किया है।

हालांकि, BMC ने अपने आदेश में यह भी कहा है कि अगर कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम से आना चाहता है तो उन्हें दो दिन पहले BMC को अपनी यात्रा के बारे में जानकारी देनी होगी।

आपको बता दे, महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ने लगी है। राज्य में गुरुवार को रिकॉर्ड 11 हजार 514 केस सामने आए। उधर, राज्य में 24 लाख 87 हजार 990 टेस्ट किए गए हैं। इसमें से 19.28% मरीज यानी कुल 4 लाख 79 हजार 779 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। फिलहाल, 9 लाख 76 हजार 332 लोग होम क्वारैंटाइन में हैं। इनमें से 37 हजार 768 लोग इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन में हैं।