महाराष्ट्रः मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हुए सड़क हादसे में शिवसंग्राम पार्टी के पूर्व विधायक विनायक मेटे की मौत, SUV के उड़े परखच्चे

मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हुए सड़क हादसे में शिवसंग्राम पार्टी के पूर्व विधायक विनायक मेटे की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा पनवेल के पास माडप टनल में हुआ है। पूर्व विधायक अपनी SUV कार से जा रहे थे। खोपोली के पास उनके ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। लिहाजा गाड़ी सामने जा रही दूसरी कार से जा टकरा गई। हादसे में विनायक मेटे की एसयूवी कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में विनायक मेटे को गंभीर चोटें आई थी। उन्हें इलाज के लिए मुंबई के कामोठे इलाके में स्थित MGM अस्पताल में भर्ती किया गया था। लेकिन चोट इतनी ज्यादा थी कि उन्हें बचाया नहीं जा सका।

विनायकराव मेटे शिवसंग्राम पार्टी के अध्यक्ष थे। उनका जन्म 30 जून 1970 को बीड में हुआ था। विनायकराव मेटे का नाम महाराष्ट्र की राजनीति में तेजी से उभरा था। स्वतंत्रता संग्राम औऱ संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन ने उनके विचारों पर गहरा असर डाला। विनायक मेटे 2016 में बीजेपी कोटे से निर्विरोध एमएलसी चुने गए थे।