महाराष्ट्र में बारिश से तबाही: मुंबई में इमारत गिरने से 3 की मौत; रायगढ़ में लैंडस्लाइड से 5 लोगों की गई जान, 30 लापता

महाराष्ट्र में भरी बारिश की वजह से कोल्हापुर, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर, ठाणे और नागपुर के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए है। शुक्रवार को मुंबई से सटे गोवंडी में एक इमारत के गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है। 7 लोग घायल हुए हैं। घायलों को मुंबई के राजवाड़ी और सायन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।

रायगढ़ के कलई गांव में लैंडस्लाइड

भारी बारिश की वजह से रायगढ़ के कलई गांव में लैंडस्लाइड हुई है। लैंडस्लाइड की वजह से 5 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग लापता हैं। जिला कलेक्टर निधि चौधरी ने बताया कि NDRF की एक टीम मौके पर पहुंच चुकी है। लोगों को रेस्क्यू करने के लिए पानी में डूबी सड़कों पर नाव चलाई जा रही हैं।

रायगढ़ में 4 जगह लैंडस्लाइड

रायगढ़ में 4 जगह लैंडस्लाइड होने से कई लोग फंस गए हैं, 25 लोगों को निकाला गया है और 20 अभी भी फंसे हुए हैं। तलाई गांव को कनेक्ट करने वाली सड़क पानी में बह गई है, इस कारण गांव के अंदर लोग फंसे हुए हैं। कोल्हापुर के चिखली में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए NDRF की दो टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए कोंकण, मुंबई और इसके आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ठाणे और पालघर में भारी बारिश के कारण लो लाइन इलाके 24 घंटे से पानी में डूबे हैं। कोंकण डिवीजन में अभी तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 700 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

पिछले 24 घंटों इन इलाकों में हुई भारी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र के चिपलून, कोल्हापुर, सतारा, अकोला, यवतमाल, हिंगोली जिलों में भारी बारिश हुई है। चिखली इलाके में भारी बारिश की वजह से लोगों के घरों में पानी भर गया है। यहां भी NDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। रस्सियों और नाव के जरिए लोगों को घरों से सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। ठाणे, पालघर में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।