महाराष्ट्र: जलगांव के कन्नड़ घाट के पास भीषण सड़क हादसा, 1 महिला सहित 3 की मौत, 22 घायल

जलगांव । श्रीरामपुर से छत्रपति संभाजीनगर होते हुए चालीसगांव की ओर आ रहा एक पिकअप ट्रक कन्नड़ घाट के निकट एक सुरक्षा अवरोधक से टकरा गया। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना बुधवार रात 8 बजे घटी।

पटोंडा निवासी अतुल माली अपने परिवार के सदस्यों के साथ बुधवार सुबह वाहन से श्रीरामपुर गए थे। मन्नत पूरी करने के बाद वे सभी छत्रपति संभाजीनगर होते हुए चालीसगांव की ओर आ रहे थे। कन्नड़ घाट के निकट चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इससे वाहन रेलिंग से टकरा गया। सभी आपस में रिश्तेदार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान कर ली गई है, जिनमें सावित्रीबाई मधुकर माली (62), उनके पिता नाना दामू माली (58) और पटोंडा निवासी राहुल लक्ष्मण महाजन (35) शामिल हैं। ये सभी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

घायलों में चार की हालत गंभीर है, जिन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का इलाज डॉ. मंदार कर्बलेकर की देखरेख में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, ये सभी लोग पिकअप वाहन (एमएच19-बीएम 3947) में सवार होकर श्रीरामपुर गए थे। समारोह से लौटते समय कन्नड़ घाट के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन के पलटने से उसमें सवार लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए।

हादसे की खबर फैलते ही पटोंडा और गुढे इलाकों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य में मदद की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना हुई।