महाराष्ट्र ने लॉकडाउन 4.0 का किया ऐलान, 31 मई तक बढ़ाई पाबंदियां

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण बेकाबू हो गया हैं। यहां शनिवार को एक दिन में 1,606 नए मामले सामने आए। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 30,706 तब पहुंच गई है। सबसे खराब स्थिति मुंबई की है। यहां अब तक 18,555 संक्रमित मिले हैं। पिछले 24 घंटों में मुंबई में 41 मौतों सहित राज्य में कुल 67 लोगों की जान गई। यह संक्रमण से एक दिन में होने वाली मौत का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राज्य में अब कुल मृतकों की संख्या 1,135 हो गई है। इनमें से मुंबई में 696 लोगों की मौत हुई है।

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने लॉकडाउन 4.0 का ऐलान कर दिया हैं। केंद्र सरकार आज लॉकडाउन-4 के नियम कायदे का ऐलान करने वाली है। इससे पहले ही महाराष्ट्र सरकार ने लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र के राहत और पुनर्वास विभाग ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। बता दें केंद्र सरकार द्वारा आपदा कानून 2005 के तहत 17 मई तक के लिए लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई गई थी जिसकी मियाद आज खत्म हो रही है।

राज्य सरकार ने जारी किया पत्र

महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य में कोविड-19 (Covid-19) के संक्रमण की स्थिति को देखते हुए लॉकडाउन बढ़ाना जरूरी है, इसलिए राज्य सरकार 31 मई की आधी रात तक लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला करती है। राज्य सरकार के मुताबिक महाराष्ट्र सरकार के सभी विभाग लॉकडाउन को प्रभावी और सख्ती से लागू करने के लिए जारी सभी दिशा निर्देशों का पालन करेंगे। एक आदेश में राज्य सरकार ने कहा कि है रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन के नियम पहले जैसे ही लागू रहेंगे। राज्य सरकार ने एपेडमिक डिजीज एक्ट 1897, आपदा प्रबंधन कानून 2005 के तहत यह लॉकडाउन बढ़ाया है।

आपको बता दे, पंजाब सरकार ने भी लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया है। हालाकि, राज्य सरकार ने 18 मई के बाद कर्फ्यू हटाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया कि 18 मई के बाद से ज्यादातर दुकानें खुलेंगी और छोटे व्यापारियों को काम की इजाजत दी जाएगी।