मुंबईः नए साल की पार्टी में लड़की की हत्या, दो दोस्तों ने मिलकर छत से फेंका, गिरफतार

मुंबई के खार इलाके में नए साल की पूर्व संध्या पर पार्टी के दौरान एक लड़की की उसके ही दो दोस्तों ने हत्या कर दी। लड़की का नाम जान्हवी कुकरेजा है। बताया जा रहा है कि जान्हवी कुकरेजा ने दोनों दोस्तों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा जिसके बाद तीनों में बहस हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई की दोनों आरोपियों ने जान्हवी की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है और जान्हवी के दोनों दोस्तों 22 साल के जोगधंकर और 19 साल की दीया पडंकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया पार्टी में मौजूदी ज्यादातर लोगों ने शराब पी रखी थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पूरी मुंबई में पार्टियों पर पूरी तरह से पाबंदी होने के बावजूद पार्टी बिल्डिंग की छत पर कैसे हो रही थी। पुलिस इसके लिए अलग से एफआईआर (FIR) भी दर्ज कर सकती है।

खार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर गजानन काबुले का कहना है कि खार पश्चिम में भगवती हाइट्स टॉवर में 16वीं मंजिल पर न्यू ईयर पार्टी रखी गई थी। पार्टी में ज्यादातर लोगों ने शराब पी रखी थी। रात में करीब 2 बजे के करीब जान्हवी ने दोनों आरोपी दोस्तों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस पर जान्हवी ने आपत्ति जाहिर की और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गर्मागर्म बहस होने लगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जान्हवी के बाल खींचे गए और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसके सिर पर नुकीली चीज मारने का निशान भी है। शुरुआती जांच में लोगों ने बताया कि दोनों आरोपियों ने जान्हवी को छत से धक्का दे दिया था। हालांकि जांच में यह बात सामने आई है कि जान्हवी को बेरहमी से पीटा गया और दूसरी मंजिल पर ले जाया गया।

पुलिस को जान्हवी खून से लथपथ मिली। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत्यु घोषित कर दिया गया। मामले की जांच करने वाली पुलिस ने कहा कि जान्हवी के साथ इतनी बर्बरता से मारपीट की गई कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस घटना के सटीक क्रम का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

पार्टी में मौजूद जान्हवी के सभी दोस्तों से पूछताछ चल रही है। जान्हवी की मां ने पार्टी आयोजित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।