महाराष्ट्र ने एक दिन में 11 लाख लोगों वैक्सीन लगा रचा नया कीर्तिमान

महाराष्ट्र ने शनिवार को एक दिन में करीब 11 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई। राज्य में 10 लाख 96 हजार लोगों को वैक्सीन दी गई। इस कीर्तिमान को हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने स्वास्थ्य विभाग का अभिनंदन किया और उनके कामों की जम कर तारीफ़ की। मुंबई में एक दिन में 1 लाख 2 हजार 135 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। यह भी एक नया कीर्तिमान है।

शनिवार को शाम 7 बजे तक 10 लाख 96 हजार 493 लोगों को वैक्सीन दी गई। करीब 5200 वैक्सीन केंद्रों के माध्यम से ये वैक्सीन दी गई। देर रात तक इसमें और अधिक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव डॉ प्रदीप व्यास ने यह जानकारी दी है। कुछ दिनों पहले राज्य में दी हुई डोज की संख्या 5 करोड़ तक जा चुकी है। देश भर में उत्तर प्रदेश के बाद महाराष्ट्र ने ही यह कारनामा कर दिखाया है। राजेश टोपे के मुताबिक राज्य के स्वास्थ्य विभाग की क्षमता इससे भी कहीं ज्यादा लोगों को वैक्सीन देने की है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को कोशिशों में लगे रहना होगा और अपनी पूरी क्षमता का सदुपयोग करना होगा।

बता दे, इससे पहले 3 जुलाई को महाराष्ट्र ने 8 लाख 11 हजार लोगों को वैक्सीन देकर एक कीर्तिमान स्थापित किया था। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 9 लाख 64 हजार 460 लोगों को वैक्सीन दी गई।