महाराष्ट्र / 24 घंटे में 122 लोगों की हुई मौत, 2560 नए केस; राज्य में 75 हजार के करीब पहुंचे मरीज

महाराष्ट्र में कोरोना की रफ़्तार थमने का नाम नहीं ले रही। यहां पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 2 हजार 560 नए मरीज सामने आए वहीं आज 122 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 74 हजार 860 हो गई है, जबकि 2 हजार 587 लोगों की मौत हो चुकी है। मुंबई में 1 हजार 276 नए केस मिलने के बाद कुल संक्रमित 43 हजार 492 हो गए हैं। मुंबई में 17 हजार 472 मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। यहां पर कोरोना के 24 हजार 597 एक्टिव केस हैं। मुंबई में आज 49 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में कोरोना के 39 हजार 935 एक्टिव केस हैं। अब तक 32 हजार 329 मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में राहत की बात ये है कि कोरोना का रिकवरी रेट बढ़ रहा है। फिलहाल ये 43.18% है।
वहीं, मृत्यु दर 3.45% है। अभी 5,71,915 लोग होम क्वारनटीन हैं। इससे पहले मंगलवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 2 हजार 287 नए मामले सामने आए थे और 103 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, मुंबई में 1 हजार 117 मरीज सामने आए थे और 49 लोगों की मौत हुई थी।


मुंबई को धीरे-धीरे फिर से खोलने के संबंध में बीएमसी कमिश्नर आई। चहल ने आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य सरकार की तर्ज पर ही यह आदेश लागू होगा। आज से लोगों को जॉगिंग, साइकिलिंग की अनुमति मिल जाएगी। जबकि दुकानें शुक्रवार से सुबह 9 से शाम 5 बजे तक खुल सकेंगी। रोड के एक तरफ की दुकान एक दिन और दूसरी ओर की दुकानें दूसरे दिन खुलेंगी। हालांकि, रविवार को सभी दुकानें बंद रहेंगी। सरकारी ऑफिस 15 प्रतिशत स्टाफ के साथ काम कर करेंगे। प्राइवेट ऑफिस को 8 जून से केवल 10 प्रतिशत स्टाफ के साथ खोलने की अनुमति होगी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग समेत सुरक्षा के अन्य नियमों का पालन करना होगा। कोरोना के बढ़ते दायरे के बीच प्रशासन मुंबई को धीरे-धीरे खोलने की अनुमति दे रहा है।

देश में भी कोरोना मरीजों का आंकड़ा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। अभी देश में कुल कोरोना मरीजों का आंकड़ा 2 लाख को पार गया है। इस जानलेवा बीमारी की चपेट में आकर 5 हजार 800 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवा दी है।