महाकुंभ अमृत स्नान: सुबह तीन बजे से वॉर रूम में डटे CM योगी, ले रहे हैं लाइव अपडेट

बसंत पंचमी के दिन महाकुंभ में अमृत स्नान के लिए श्रद्धालुओं और प्रमुख अखाड़ों की भीड़ सुबह से ही त्रिवेणी संगम पर जुटने लगी है। लोग श्रद्धापूर्वक स्नान कर रहे हैं और सीएम योगी आदित्यनाथ इस भीड़ और व्यवस्था पर अपनी पैनी नज़र बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने तड़के सुबह 3 बजे से ही कुंभ स्नान की पूरी व्यवस्था का गहन निरीक्षण करना शुरू किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बसंत पंचमी के पावन अवसर पर अमृत स्नान के लिए व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रातः साढ़े तीन बजे से ही अपने सरकारी आवास में वॉर रूम की बैठक की। बैठक में डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ लगातार अपडेट प्राप्त किए और आवश्यक निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के अमृत स्नान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था की स्थिति का गहन जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें बेहतर सुविधा प्रदान की जाए।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करने को कहा, ताकि हजारों श्रद्धालु बिना किसी समस्या के संगम में स्नान कर सकें। उन्होंने सभी प्रशासनिक इकाइयों को स्नान स्थल पर पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और आस्था के इस महान पर्व पर प्रशासन की तत्परता बढ़ाने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि इससे पहले हुए अमृत स्नान के दौरान हुई भगदड़ में कई लोग अपनी जान गंवा बैठे थे, जिसके बाद योगी सरकार पर कई सवाल उठे थे। इस घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।