MP में आज और कल चलेगा वैक्सीनेशन महाअभियान पार्ट-2, 30 लाख वैक्सीन डोज लगाने का लक्ष्य

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में वैक्सीनेशन महाअभियान पार्ट-2 आज यानी 25 और 26 अगस्त को चलाया जाएगा। वैक्सीनेशन महाअभियान के दौरान सरकार ने 2 दिनों में करीब 30 लाख वैक्सीन डोज लगाने का लक्ष्य रखा है। वैक्सीनेशन अभियान के पहले दिन आज (25 अगस्त) को कोरोना वैक्सीन की पहली और दूसरी दोनों डोज लगाई जाएंगी। जबकि 26 अगस्त को महाअभियान के दूसरे दिन कोरोना वैक्सीन की सिर्फ दूसरी डोज लगाई जाएगी। दो दिनों तक चलने वाले इस अभियान की मॉनिटरिंग खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कर रहे है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इस अभियान को मतदान अभियान की तरह लिया जाए और पूरा अमला इस अभियान को सफल बनाने में जुट जाए।

महाअभियान को लेकर राजधानी भोपाल में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजधानी भोपाल में पहले दिन 704 सेंटरों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। राजधानी में 25 अगस्त को 1,10,000 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन लगाने के लिए 700 से ज्यादा वैक्सीनेटर की ड्यूटी लगाई गई है। वैक्सीन जिला सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक केंद्र और सिविल डिस्पेंसरी संजीवनी केंद्रों पर लगाई जाएगी।

उपहार देने की तैयारी

इस बार वैक्सीनेशन महाअभियान को लेकर कुछ खास तैयारियां भी की गई हैं। ग्वालियर जिला प्रशासन ने लोगों से कहा कि वैक्सीन लगवाओ और टीवी (TV), फ्रीज, कूलर और वाशिंग मशीन गिफ्ट में ले जाओ। हालांकि लॉटरी के सहारे 100 लोगों को चयन किया जाएगा। यही नहीं, सबसे ज्यादा टीकाकरण करने वाली 10 टीमें भी 10 से लेकर 25 हजार रुपय तक का नकद इनाम पाएंगी। वैक्सीनेशन महाअभियान में ग्वालियर जिले में एक लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।