MP: फांसी के फंदे से लटका मिला बाघ, पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर मौजूद

मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के एक युवा बाघ का शिकारियों ने शिकार कर दिया है। शिकार करने का तरीका बेहद डरावना है। विक्रमपुर गांव के पास बाघ फांसी के फंदे पर लटका मिला है। जैसे ही टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों ने बाघ के शव को देखा तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी। पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बाघ के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

घटना उत्तर वन मंडल क्षेत्र के पन्ना रेंज के लक्ष्मीपुर से विक्रमपुर के जंगल की है। यहां पर अज्ञात शिकारियों ने शिकार करके बाघ को मार दिया है। अज्ञात शिकारियों ने बाघ को पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया है। जानकारी के लगते ही वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंच चुके हैं। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इससे पहले 10 नवंबर में भी यहां बाघिन पी-213 (63) की मौत हो गई थी। पन्ना टाइगर रिजर्व में जन्मी व पली बढ़ी बाघिन पी-213 (63) उम्र 3 वर्ष थी।

अखिल भारतीय बाघ अनुमान रिपोर्ट 2018 के अनुसार, मध्य प्रदेश में देश में सबसे अधिक 526 बाघ हैं। लेकिन यहां कुछ समय से बाघों की मौत की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। मध्य प्रदेश में कान्हा, बांधवगढ़, सतपुड़ा, पेंच, पन्ना और संजय दुबरी टाइगर रिजर्व सहित कई बाघ अभयारण्य हैं।