MP News: रीवा में हाईवे पर रात भर शव के ऊपर से गुजरते रहे वाहन, फावड़े की मदद से उठाना पड़ा

मध्य प्रदेश के रीवा से बेहद ही चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां, एक अज्ञात शव क्षत विक्षत हालत में हाईवे पर पड़ा मिला। रात भर शव के ऊपर से वाहन गुजरते रहे और किसी को खबर नहीं लगी। सुबह राहगीरों ने जब नर कंकाल देखा तो पुलिस को इस बात की सूचना दी। अब फॉरेंसिक टीम की मदद से मृतक की पहचान की जा रही है।

मामला रीवा जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग मनगवां फ्लाईओवर का है। यह मार्ग प्रयागराज और बनारस को जोड़ता है। फ्लाई ओवर में एक अज्ञात शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। ऐसा माना जा रहा है कि वाहन की चपेट में आने से शख्स की मौत हुई है। शव की हालत इतनी खराब थी कि पुलिस को उसे उठाने के लिए फावड़े का इस्तेमाल करना पड़ा। शव इतनी बुरी तरह से शतिग्रस्त हो गया है कि यह पता लगाना मुश्किल हो रहा है कि यह महिला का है या पुरुष का। पुलिस को फिलहाल रिपोर्ट आने का इंतजार है। वैसे, इससे पहले 21 फरवरी को भी एक ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ था जिसमें एक बुर्जुग की लाश पर रात भर भारी वाहन गुजरते रहे। इस वजह से शव हड्डियों के चूरे में तब्दील हो गया था। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तो लाश की कुछ हड्डियां और कपड़े मिले थे। हैरत की बात है कि हाइवे में लगातार पेट्रोलिंग होती है। इसके बावजूद शव पर किसी की नजर नहीं पड़ी। थाना प्रभारी मनगवां दिलीप दहिया ने बताया की पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है और तलाश कर रही है।