ऑनलाइन गेम की लत ने छीनी युवक की जिंदगी, 3 पत्ती में गंवाए 10 लाख रुपए; ट्रेन से कटकर दी जान

राजगढ़ में ऑनलाइन गेम ने युवक की जान ले ली। युवक मोबाइल पर ऑनलाइन 3 पत्ती गेम खेलता था। गेम में उसने 10 लाख रुपए गंवा दिए थे। उसके ऊपर कर्ज भी हो गया था। युवक का शव रविवार रात ब्यावरा के पास पडोनिया गांव में रेलवे ट्रैक पर मिला। आशंका है कि कर्ज की वजह से युवक ने सुसाइड किया है। हालांकि मामले में पुलिस ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है। युवक की पहचान विनोग दांगी निवासी पडोनिया के रूप में हुई है।

रविवार रात करीब 8 बजे देहात थाना पुलिस को युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही कुछ कहना संभव होगा। जानकारी के मुताबिक युवक पिछले एक महीने से परेशान था।

मिली खबर के अनुसार युवक को तीन महीने पहले मोबाइल पर 3 पत्ती गेम की लत लग गई थी। इसमें वह 10 लाख रुपए भी गंवा चुका था। वह दुकान पर बैठकर दिनभर गेम खेलता रहता था। इससे पहले भी वह घर में फांसी लगाकर अपनी जान देने का प्रयास कर चुका है। विनोद तीन बहनों में इकलौता भाई था। यही नहीं, विनोद के दो बेटे भी हैं।