शक के चलते पत्नी की कुल्हाड़ी से मारकर की हत्या, खुद ही थाने पहुंचकर पति के कबूल किया जुर्म

मध्य प्रदेश के जबलपुर में पति द्वारा पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से गर्दन काट दी। पति को पत्नी के चरित्र पर संदेह था। हत्या के बाद आरोपी खुद ही कटंगी थाने पहुंच गया। उसने पत्नी की हत्या की बात पुलिस को बताई तो वो भी सन्न रह गई। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। घटना ग्राम बोरिया की है।

गांव का उमेश उर्फ पिंकेश झारिया (28) अपनी पत्नी आरती झारिया (25) के चरित्र पर संदेह करता था। दोनों नकी शादी एक सात साल पहले हुई थी। दोनों का 6 साल का बच्चा भी है। अक्सर उनके बीच विवाद होता रहता था। मंगलवार दोपहर 2:30 बजे के आसपास चरित्र संदेह पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। उमेश झारिया ने गुस्से में घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी आरती के गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार किए इससे उसकी मौत हो गई।

चारों तरफ बिखरा पड़ा था खून

पत्नी की हत्या के बाद पति खुद कटंगी थाना पहुंच गया। उसने पुलिस को पत्नी की हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस आरोपी के घर पहुंची। पुलिस ने कमरे में पत्नी की रक्तरंजित लाश पड़ी थी। चारों तरफ खून बिखरा हुआ था।

एएसपी शिवेश सिंह बघेल के मुताबिक वारदात के समय इकलौता बेटा अंश बाहर खेल रहा था। हत्या के बाद आरोपी ने घर को बाहर से बंद कर दिया था। घटनास्थल पर एफएसएल टीम भी पहुंची थी।