MP News: जबलपुर में 326 संक्रमित मिले, अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा

मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को 326 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। कोरोना से एक मरीज की मौत भी हुई है। संक्रमण की रफ्तार ऐसी है कि महज चार दिनों में 1000 का आंकड़ा पार हो गया। जिले में कोरोना के कुल एक्टिव केस 2,015 हो गए हैं। यहां कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या 20 पर पहुंच गई है। संक्रमण दर 15% के ऊपर पहुंच चुकी है। रिकवरी रेट घटकर 89.17% रह गया है। यहां सैंपल भी कम लिए जा रहे हैं। गुरुवार को सिर्फ 1,815 लोगों के सैंपल लिए गए।

ग्वालियर में 298 केस मिले

ग्वालियर में 24 घंटे में रिकॉर्ड 298 केस मिले हैं। इससे पहले पूरे कोरोना काल में अब तक एक दिन में इतने केस सामने नहीं आए थे। बीते 24 घंटे में एक मरीज की मौत भी हुई है। संक्रमण दर 14.50% पहुंच गई है। यहां एक्टिव केस 1,464 हैं।

इंदौर में 887 केस सामने आए

कोरोना का सबसे बड़ा सेंटर इंदौर बन गया है। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज यहीं मिल रहे हैं। 24 घंटे में यहां 887 मरीज मिले। 4 लोगों की मौत भी हुई है। यहां सबसे ज्यादा कमी रेमडेसिविर इंजेक्शन की है। लगातार चौथे दिन भी इंजेक्शन के लिए दवा दुकानों पर लाइन लगी रही। दवा व्यापारियों का कहना है कि मांग और सप्लाई में चार गुना का फर्क है। मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि सप्लाई रोज सिर्फ 400 से 500 इंजेक्शन की हो रही है।