1 जून से Unlock होगा इंदौर, जाने सबसे पहले क्या खुलेगा

इंदौर की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। शासन की मंशा है, 1 जून से शहर को खोलना शुरू करना चाहिए। कलेक्टर मनीष सिंह ने इस बात के संकेत दिए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन संभाग के जिलों को 1 जून से धीरे-धीरे खोलने का ऐलान किया था। बता दे, इंदौर में पॉजिटिव रेट 9% पर आ गई है। अप्रैल में तो यह 22 % तक पहुंच गई थी।

इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने शुक्रवार को शहर में 10 दिन के सख्त लॉकडाउन लागू करने के दौरान अनलॉक की ओर इशारा किया। उन्होंने बताया कि फिलहाल राशन दुकानों को 7 से 8 दिन के लिए बंद किया गया है। इसके बाद ये 1 जून से खुलेंगी। शुरुआत में हो सकता है, पहले की तरह इसका समय 12 बजे तक ही रहे। इसके साथ कंस्ट्रक्शन सेक्टर को खोलने पर विचार चल रहा है। थोक के व्यापार को ढील देने की कोशिश रहेगी। सभी दुकानों को खोलने की प्लानिंग रहेगी। रेस्टोरेंट में टेक अवे की सुविधा शुरू की जा सकती है। पहली स्टेज में थोक को ओपन करेंगे। इसके बाद खेरची खोलेंगे। इसके अलावा जहां केस आएंगे, वहां सख्ती कर कंटेनमेंट जोन बनाएंगे।

पिछले 24 घंटे में 4,384 केस


मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब धीमी हो रही है। पिछले 24 घंटे में 4,384 केस सामने आए। इंदौर में 40 दिन बाद गुरुवार को एक हजार से कम संक्रमित आए। इससे पहले 11 अप्रैल को यहां 923 केस आए थे।

संक्रमण दर 7 दिन में 12% से घटकर 6% से भी कम हो गई है. प्रदेश में 20 मई को 79 मरीजों की मौत दर्ज की गई। इसमें सबसे ज्यादा 11 मौतें भोपाल में हुईं। यहां 19 मई को 14 मौतें दर्ज की गई थीं।

प्रदेश में 20 मई को रिकॉर्ड 78,268 सैंपल टेस्ट की रिपोर्ट आई। इसमें 4,384 पॉजिटिव केस मिले। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए हैं कि टेस्ट की संख्या बढ़ाई जाए। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में रैपिड एंटीजन टेस्ट की संख्या में इजाफा हुआ है।

20 मई को RT-PCR टेस्ट 31,846 टेस्ट में 3,332 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जबकि रैपिड एंटीजन के 46,422 टेस्ट में मात्र 1,052 संक्रमित मिले। प्रदेश में एक्टिव केस घट कर 67,425 हो गए हैं।