MP News: इंदौर में लगातार दूसरे दिन 18 सौ से ज्यादा मरीज मिले; ग्वालियर में एक्टिव केस 9 हजार के पार

मध्य प्रदेश में कोरोना एक्टिव केस 90 हजार से ज्यादा हो गए है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के चार बड़े शहरों में ही 5,680 नए केस आए हैं, 26 मौतें भी रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा 1841 केस इंदौर में आए और 7 की जान गई। दूसरे नंबर पर भोपाल में 1824 नए केस आए और 3 मौतें दर्ज हुईं। ग्वालियर में 1208 नए मामले सामने आए और 8 ने जान गंवाई है। वहीं, जबलपुर में 807 संक्रमितों की पहचान हुई और 8 की मौत हुई।

इंदौर में हालात बेकाबू हो गए है। लगातार दूसरे दिन शहर में 18 सौ से ज्यादा संक्रमित मिले है। बढ़ते संक्रमण के चलते मरीजों को अस्पतालों में बेड नहीं मिल रहे हैं। मरीजों को घंटो अस्पतालों के बाहर इंतजार करना पड़ रहा है। लोग कार, ऑटो और एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे रहने को मजबूर हैं। यही हाल रेमडेसिविर इंजेक्शन का है। गंभीर मरीजों के परिजन इंजेक्शन के लिए भटक रहे हैं।

येही हाल जबलपुर का भी है यहां बीते दिन 1208 नए संक्रमित निकले। इसके साथ ही एक्टिव केस बढ़कर 9135 हो गए हैं। कंटेनमेंट जोन की संख्या 444 हो गई है। सरकारी रिकॉर्ड में सिर्फ 8 की मौत बताई गई है, लेकिन कोविड प्रोटोकॉल के तहत 44 संक्रमित के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। इनमें से 29 ग्वालियर के थे। ऑक्सीजन की कमी के बीच रेमडेसिविर इंजेक्शन की मारामारी बढ़ गई है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह का बंगला भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने घेर लिया। इस पर मंत्री ने उन्हें इंजेक्शन उपलब्ध कराने का अश्वासन दिया। वहीं, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने इंजेक्शन दलालों के पास जाने का आरोप लगाया।