मां की मौत के बाद अनाथ हुए 4 शावकों ने किया नीलगाय का शिकार, पार्क प्रबंधन ने शेयर किया वीडियो

पन्ना टाइगर रिजर्व पार्क में खूंखार बाघिन 213 (32) के 4 शावकों ने जंगल का पहला उसूल सीख लिया है। मां की मौत के बाद अनाथ हुए शावक अब खुद शिकार करने लगे हैं। दरअसल, बाघिन 213 की मौत के बाद प्रबंधन को इस बात की चिंता थी कि शावकों का क्या होगा, क्योंकि मां ही उन्हें शिकार करना सिखाती है। लेकिन अब जब शावकों ने नीलगाय का शिकार किया है तो पार्क प्रबंधन ने खुशी जाहिर करते हुए इसका वीडियो शेयर किया है।

प्रबंधन शावकों पर नजर रख रहा था। मंगलवार रात को चारों शावकों ने शिकार किया था। वीडियो में 4 शावक नीलगाय का शिकार करते हुए दिखाई दे रहे हैं। शावक पूरी तरह से शिकार करने में सक्षम दिखाई दे रहे हैं। इन शावकों की उम्र 10 महीने है। चारों एक साथ हैं और मिलकर शिकार कर रहे हैं।