केंद्रीय मंत्री बनते ही 'कांग्रेस की तारीफ' करने लगे ज्योतिरादित्य सिंधिया, जानें क्या है पूरा माजरा

ज्योतिरादित्य सिंधिया को बुधवार को कैबिनेट मंत्री बनाया गया और सिविल एविएशन का प्रभार दिया गया। केंद्रीय मंत्री बनते ही ज्योतिरादित्य सिंधिया का फेसबुक अकाउंट हैक हो गया। अकाउंट हैक होने के बाद उनके फेसबुक पेज पर एक पुराना वीडियो शेयर किया गया। इस वीडियो में सिंधिया कांग्रेस की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो किसने शेयर किया, अकाउंट को किसने हैक किया इसका फिलहाल अभी तक पता नहीं चला है।

भोपाल के बीजेपी नेता और सिंधिया समर्थक कृष्णा घाडगे ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के फेसबुक अकाउंट को हैक किया गया था। अज्ञात लोगों ने रात 1:00 बजे उनके अकाउंट को हैक किया। उन्होंने यह भी बताया कि हैक करने के बाद सिंधिया के फेसबुक अकाउंट पर उनका ही एक पुराना वीडियो शेयर किया गया। फेसबुक से शेयर वीडियो में सिंधिया कांग्रेस की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उस समय का है जब सिंधिया कांग्रेस में हुआ करते थे। इस वीडियो को शेयर करने का मकसद क्या है, इसका पता सिंधिया की टीम लगा रही है।

इसके बाद बीजेपी नेता कृष्णा घाडगे ने बताया कि अब अकाउंट सही तरीके से ऑपरेट हो रहा है। सभी अधिकार फिर से सिंधिया जी की टीम को मिल गए हैं। उन्होंने बताया कि अकाउंट तत्काल रिकवर होने की वजह से शिकायत नहीं की जाएगी। उन्होंने इसकी जरूरत भी नहीं बताया है। कृष्णा ने कहा कि लेकिन एक्सपर्ट की टीम अपने स्तर पर यह पता लगा रही है कि अकाउंट को किसने हैक किया और कहां से इसे हैक किया गया था।