भोपाल में रिश्ते हुए शर्मसार, 13 साल की बेटी से दुष्कर्म करने वाले पति को पकड़वाने में मां ने लगा दिए एक साल

भोपाल से 13 साल की मासूम से उसके सौतेले पिता द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। जैसे ही मामले का खुलासा हुआ तो आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। एक साल बाद जब पिता दोबारा दुष्कर्म के इरादे से घर पहुंचा तो मासूम की मां ने इस बार उसे पकड़ लिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। अपने पति को पकड़वाने के लिए पत्नी ने एक साल तक का इंतजार किया।

अशोका गार्डन पुलिस के अनुसार 13 साल की किशोरी अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में रहती है। उसकी मां एक फैक्ट्री में नौकरी करती है। 30 साल की महिला ने बताया कि कुछ साल पहले उसके पति उन्हें और बच्चों को छोड़कर चले गए। उसके बाद से वह ही बेटा और बेटी को पालने लगी। कुछ समय बाद कालोनी में रहने वाले मैकेनिक राशिद से उसने शादी कर ली और वह उनके साथ रहने लगा। राशिद ने बेटी से दिसंबर 2019 से लेकर मार्च 2020 तक दुष्कर्म किया। इसका पता उनके बेटे को चल गया। उसने ही उन्हें इसके बारे में बताया। राशिद को भी इसकी भनक लग गई कि उसे इसके बारे में सब पता चला गया है। पकड़े जाने के डर से वह वहां से भाग गया। उसके भागने के कारण उसने इसके बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। उसे लगा कि जैसे ही राशिद घर आएगा, वह उसे पकड़वा देगी।

दोबारा आया था मासूम से दुष्कर्म करने

महिला ने बताया कि सोमवार को राशिद घर आया। वह करीब एक साल से उनसे छिप रहा था। उसे लगा था कि उसकी बेटी घर पर अकेली होगी। उसे लगा कि अब तक उन्होंने किसी से कुछ नहीं कहा, इसलिए वह बेखौफ होकर आया था। उनके बीच जमकर विवाद हुआ और महिला ने पुलिस को बुला लिया। महिला ने पुलिस को सारी बात बताई जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।