मध्य प्रदेश: भिंड में 150 साल पुरानी जेल की दीवारें गिरी, 21 कैदी घायल; दो की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शनिवार सुबह 150 साल पुरानी जेल की दीवारें भरभराकर गिर गईं। इस हादसे में 21 कैदी घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों गंभीर घायल कैदियो को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। यह हादसा शनिवार सुबह 5:10 पर हुआ।

हादसे की वजह तेज बारिश बताई जा रही है साथ ही पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर सहित सभी संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जेलर ओपी पांडेय ने बताया कि आज सुबह 5:10 बजे एक सिपाही ने देखा कि बैरक नंबर 7 का प्लास्टर गिर रहा है। उसने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इस बात की सूचना दी और बाकी सिपाहियों को इकट्ठा किया। जैसे ही बैरक खोलना शुरू किया तो बैरक नंबर 7 पूरी तरह गिर गया। इसके बाद बैरक नंबर 2 की दीवारें भी गिर गईं। दीवारें गिरने से करीब 21 कैदी उसके नीचे दब गए। जैसे-तैसे सभी सिपाहियों को बैरक नंबर 8 में शिफ्ट किया गया। हादसे के वक्त बैरक नंबर 7 में 64 कैदी थे, जबकि जेल में कुल 255 कैदी हैं।

PWD विभाग को मरम्मत के लिए लिखा था पत्र

जेलर ने बताया कि कुछ दिनों से जेल में पानी टपक रहा था। चार दिन पहले PWD विभाग को इसकी मरम्मत के लिए पत्र भी लिखा था। लेकिन, इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालाकि, जवाब में उन्होंने कहा कि जेल में इस तरह की पहले भी मरम्मत हो चुकी है। जेलर ने किसी कैजुअलटी से साफ इनकार कर दिया। जानकारी के मुताबिक, इस जेल की जगह नई जेल का प्रस्ताव किया गया था। साल 2008 से नई जेल बन रही है। इसे 2018 तक तैयार हो जाना था, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य चालू है।