कोटा : पागल कुत्ते ने जमकर मचाया आतंक, 4 घंटे में 17 लोगों को बनाया शिकार

मंगलवार को कोटा के इटावा कस्बे में पागल कुत्ते का आतंक देखने को मिला जिसने 4 घंटे में 17 लोगों को अपना शिकार बना डाला। कुत्ते के शिकार बने करीब 17 लोगों ने इटावा सामुदायिक अस्पताल में इलाज कराया। राधेश्याम शर्मा (70) ने बताया कि वो अपने गांव भवानीपुरा जा रहे थे। इस दौरान खातोली रोड पर पागल कुत्ते ने हमला कर दिया। वह नीचे गिर गए। हाथ-पैरों में काटकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने कुत्ते से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। हाथ-पैर में 12 टांके लगाने पड़े हैं।

कस्बे के मुख्य बाजार व खातोली रोड पर सुबह करीब 8 बजे अचानक कुत्ता पागल हो गया। उसने बाज़ार में घूमते हुए लोगों को एक के बाद एक कर काटना शुरू किया। पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 12 बजे तक यह सिलसिला चलता रहा। अस्पताल प्रभारी डॉ जयकिशन मीणा ने बताया कि मंगलवार को इटावा सामुदायिक अस्पताल में कुत्ता काटने के पीड़ित 17 लोग आए। उनका इलाज किया गया। हमले की खबर मिलते ही नगरपालिका की टीम सक्रिय हुई और कुत्ते को पकड़ ले गई। क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।