महंगाई का एक और झटका, फिर बढ़े घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम, कीमतों में इतने रूपये का हुआ इजाफा

महंगाई से जूझ रही देश की जनता को आज गुरुवार को एक और बड़ा झटका लगा है। एलपीजी गैस की कीमतों में इजाफा किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 3.50 रुपए प्रति सिलेंडर और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 8 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। जिसके बाद अब घरेलू सिलेंडर के दाम देश में लगभग सब जगहों पर 1000 रुपए को पार कर गए हैं।

बढ़ी हुई कीमतों के बाद दिल्ली में अब घरेलू सिलेंडर की कीमत 1003 रुपए हो गई है। वहीं, कोलकाता में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 1029 रुपए पर पुहंच गए हैं। चेन्नई में एक सिलेंडर के लिए 1018 रुपए चुकाने होंगे।

कमर्शियल सिलेंडर के भी बढ़े दाम

कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में हुए इजाफे के बाद दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में कीमतें क्रमश: 2354 रुपए, 2454 रु, 2306 रुपए और 2507 रुपए होंगी।

इससे पहले 7 मई को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 10 रुपए की कमी हुई थी। 8 मई को घरेलू गैस की कीमतों में 50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। 1 मई को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 102.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।