छत्तीसगढ़ : एक ही पेड़ पर फंदे से लटका मिला प्रेमी जोड़ा, वैलेंटाइन डे से थे लापता

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के गुरूर थाना के राजाराव पठार गांव में तब सनसनी मच गई जब एक प्रेमी जोड़ा एक ही पेड़ पर फंदे से लटका मिला। दोनों वैलेंटाइन डे 14 फरवरी से ही लापता चल रहे थे। प्रेमी जोड़े ने बालोद में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस अब इस केस की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दोनों ने आत्महत्या क्यों की, इस बात का पता नहीं चल पाया है। परिजनों से पूछताछ के बाद पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल प्रथम दृष्यटता में ये मामला प्रेम प्रसंग से ही जुड़ा लगा रहा है।

गुरुर पुलिस को बुधवार सुबह सूचना मिली की राजाराव पठार गांव में ही एक पेड़ पर 2 लोगों की लाश लटकी हुई है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू करने पर पता चला कि दोनों धमतरी शहर के रहने वाले हैं। लड़के की पहचान गगन मारकंडे (21) के रूप में हुई है, जबकि लड़की 17 साल की नाबालिग है। इसके बाद धमतरी की सिटी कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। इसके साथ ही परिजनों को भी सूचित किया गया है।

15 फरवरी को ही दोनों के परिजनों ने लापता होने की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। लड़की के परिजनों ने पुलिस को बताया था कि लड़की 14 फरवरी को सुबह स्कूटी लेकर निकली थी। मगर शाम तक वापस नहीं लौटी है। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई थी। वहीं लड़की के परिजनों की शिकायत के बाद शीतला पारा हाटकेश्वर के रहने वाले गगन के पिता किशन ने भी इस मामले की शिकायत की थी। धमतरी पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू की थी। लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला था। इस बीच पुलिस को बुधवार सुबह बालोद पुलिस ने इस घटना की सूचना दी है।