लंदन-दिल्ली विस्तारा फ्लाइट को मिली बम की धमकी, वॉशरूम में टिशू पेपर पर मिला संदेश

नई दिल्ली। लंदन से दिल्ली जा रही विस्तारा की एक फ्लाइट में बुधवार को बम की धमकी मिली। करीब 290 यात्रियों को लेकर यह फ्लाइट दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गई।

रिपोर्ट के अनुसार, विमान में बम होने की सूचना एक यात्री को शौचालय में टिशू पेपर पर लिखी मिली। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया।

अधिकारियों ने बताया, आज सुबह 8:45 बजे आईजीआई हवाई अड्डे पर एओसीसी को लंदन से दिल्ली आने वाली विस्तारा एयरलाइंस की उड़ान के संबंध में बम की धमकी की सूचना मिली। बताया गया कि उड़ान के शौचालय में एक नोट मिला है, जिस पर संदेश लिखा है: 'इस उड़ान को बम से उड़ा दें'।

विमान सुबह 11:45 बजे सुरक्षित रूप से उतरा और सभी यात्री बिना किसी घटना के उतर गए। मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, गहन जांच की गई और कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि लंदन से राष्ट्रीय राजधानी आ रही फ्लाइट यूके 018 को संचालित करने वाले उसके कर्मचारियों ने सुरक्षा संबंधी चिंता जताई थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने के बाद विमान को अनिवार्य जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया।

विस्तारा के प्रवक्ता ने कहा, 9 अक्टूबर 2024 को लंदन से दिल्ली जाने वाली विस्तारा फ्लाइट यूके 018 को संचालित करने वाले हमारे कर्मचारियों ने सुरक्षा संबंधी चिंता जताई थी। प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया और विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरने के बाद अनिवार्य जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया। हमने आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी करने में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया। विस्तारा में, हमारे ग्राहकों, चालक दल और विमान की सुरक्षा सर्वोपरि है।