लखनऊ में रात को घनी आबादी में घुसा तेंदुआ, 3 लोगों पर किया हमला

लखनऊ के घनी आबादी वाले इलाके पहाड़पुर और कल्याणपुर में शनिवार को तेंदुआ घुस गया। लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र की घनी आबादी पहाड़पुर और कल्याणपुर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को देखा गया। वह कभी गलियों में तो कभी किसी के घर के छत पर बैठा दिखा। तेंदुए की सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के एक सदस्य समेत 3 लोगों को घायल कर दिया। उधर, करीब 24 घंटे बाद भी तेंदुआ के पकड़े नहीं जाने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

सूचना के बाद शाम को पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जाल लगाकर तेंदुए को पकड़ने की काफी कोशिश की गई लेकिन 3 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला। फिलहाल, पुलिस और वन विभाग की टीम इलाके में गश्त कर रही है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकरी के मुताबिक, तेंदुआ ने सबसे पहले विनीता रावत नाम की महिला पर हमला कर दिया। जब महिला के बेटे ने ईंट से हमला किया तो तेंदुए ने उसे भी घायल कर दिया। इस बीच पुलिस कर्मी ज्ञानेंद्र महिला और युवक को बचाने पहुंचा तो तेंदुए ने पुलिस कर्मी पर भी हमला कर घायल कर दिया। फिलहाल, तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।