IIT कानपुर कैंपस में बीते 2 दिनों से घूम रहा तेंदुआ, पकड़ने के लिए लगाए गए 5 पिंजरे

IIT कानपुर में बीते 2 दिनों से तेंदुए की वजह से दहशत बनी हुई है। शुक्रवार को तेंदुए की वजह से कैंपस में स्थित केंद्रीय विद्यालय और IIT कैम्पस स्कूल में बच्चों की क्लासेस नहीं लगाई गईं। गुरुवार रात तेंदुआ वन विभाग की ओर से लगाए गए एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फिलहाल वन विभाग की टीम ने 4 पिंजरे और बढ़ा दिए हैं। पकड़ने के लिए कुल 5 पिंजरे लगाए गए हैं।

आईआईटी के सुरक्षा प्रभारी डॉ जी राम कुमार ने बताया कि शुक्रवार को संस्थान में स्कूल बंद करा दिए गए। बच्चों को ऑनलाइन क्लासेस दी गईं। शुक्रवार दोपहर बाद वन विभाग के अधिकारियों ने आकर तेंदुए को पकड़ने के लिए चार और पिंजरे मंगवाए। साथ ही कैमरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। गुरुवार शाम वन विभाग की टीम ने जंगल में पिंजरा और आसपास उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरों को लगाया। इसके बाद रात में ही तेंदुआ एक कैमरे में कैद हो गया। वन रेंजर लल्लू सिंह ने बताया कि रात में तेंदुआ एकेडमिक ब्लॉक के पीछे की तरफ दिखाई दिया है, जिसके बाद वह वापस जंगल की ओर चला गया।

बुधवार को देखा गया था तेंदुआ

बुधवार तड़के संस्थान के एक सुरक्षाकर्मी ने हवाई पट्टी के पास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना दी थी जिसके बाद से आईआईटी प्रशासन और वन विभाग की टीम संयुक्त रुप से तेंदुए की तलाश में जुटी थी लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था।