किडनी ट्रांसप्लांट के लिए आज सिंगापुर के अस्पताल में भर्ती होंगे लालू यादव, 5 दिसंबर को होगी सर्जरी

राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव अपने किडनी ट्रांसप्लांट के लिए आज सिंगापुर के अस्पताल में भर्ती होंगे। बता दें कि उनकी पुत्री रोहिणी आचार्य अपनी किडनी दे रही हैं। लालू यादव के पुत्र व बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सिंगापुर रवाना होने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि लालू यादव को 3 दिसंबर को अस्पताल में एडमिट किया जाएगा। इसके बाद 4 दिसंबर को बहन रोहिणी आचार्य को एडमिट किया जाएगा। सबकुछ दुरुस्त रहने पर 5 दिसंबर को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सर्जरी होगी। तेजस्वी ने बताया कि मेजर ऑपरेशन है इसलिए वे सिंगापुर में मौजूद रहेंगे।

इससे पहले तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार किया था। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कुढ़नी उपचुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार मनोज कुशवाहा (जदयू) की जीत का दावा किया और भारतीय जनता पार्टी को फिर से बड़का झूठा पार्टी बताया। तेजस्वी यादव ने बीजेपी की तरफ से नीतीश सरकार पर हमलावर होने और परोक्ष रूप से सरकार किसी और के चलाए जाने के आरोपों पर कहा कि बीजेपी वाले बेचारे और क्या कहेंगे, उनको कहने के लिए कुछ है ही नहीं। उनको पता नहीं कौन चला रहा है? महागठबंधन की सरकार है उसका नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं; और कौन चला रहा है।