लालू प्रसाद की जान को खतरा है और उनकी हत्या हो सकती है : सांसद जय प्रकाश नारायण

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद जय प्रकाश नारायण यादव ने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद के जीवन को खतरा है और उन्होंने केंद्र सरकार से उनकी जेड-प्लस सुरक्षा बहाल करने का आग्रह किया। यादव ने मंगलवार को लोकसभा में शून्य काल के दौरान मुद्दा उठाया और कहा, "लालू प्रसाद के जान को खतरा है और उनकी सुरक्षा घटा दी गई.. उनकी हत्या हो सकती है।"

उन्होंने यह भी कहा, "मैं केंद्र से उनकी सुरक्षा बहाल करने का आग्रह करता हूं।" राजद ने इस मुद्दे पर स्थगन का नोटिस भी दिया, जिसे लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने खारिज कर दिया।

केंद्र सरकार ने बीते महीने लालू प्रसाद की जेड प्लस सुरक्षा घटा दी थी। जेड श्रेणी में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के कमांडो नेताओं को सुरक्षा मुहैया कराते हैं।

वही दूसरी तरफ गुजरात चुनाव में कांग्रेस की हार से बिहार में लालू प्रसाद यादव को झटका लगा है। उनकी मुश्किलें आगे भी कम होतीं नहीं दिख रहीं। अब बिहार-झारखंड के बहुचर्चित चारा घोटाला के तीन मामलों में 23 दिसंबर को बड़ा फैसला आने वाला है। इनमें लालू भी आरोपी हैं। अगर लालू को कोर्ट दोषी करार देती है तो बिहार की राजनीति में इसके गहरे परिणाम तय हैं। संभव है कि लालू के राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) में भी उथल-पुथल मच जाए।