कोटा: मोबाइल से पढ़ रहा था 10वीं का छात्र, निकली जोर से चीख, हुई मौत

मोबाइल पर पढ़ाई करते समय 10वीं के छात्र की अचानक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जब वह पढ़ाई कर रहा था, तभी उसके मुंह से चीख निकली और वह जमीन पर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत का कारण बताया।

महावीर नगर थाना के सीआई रमेश कविया के अनुसार, 16 वर्षीय केशव, पुत्र राजेश चौधरी, अपनी मां और बड़े भाई के साथ परिजात कॉलोनी में रह रहा था। वह मूल रूप से भीलवाड़ा के आरसी व्यास सेक्टर 7 का रहने वाला था। उसका बड़ा भाई आदित्य चौधरी जेईई की कोचिंग कर रहा था, जबकि केशव DPS स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार रात दोनों भाई पढ़ाई कर रहे थे, तभी केशव की तबीयत अचानक खराब हो गई। शुक्रवार को परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और शव को भीलवाड़ा ले जाकर अंतिम संस्कार किया।
सीपीआर देने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ

मकान मालिक जम्मू कुमार जैन ने बताया कि केशव मोबाइल पर कुछ देख रहा था, तभी अचानक उसके मुंह से चीख निकली और वह अचेत होकर बिस्तर पर गिर पड़ा। जब केशव के मुंह से जोर से चीख सुनकर बड़े भाई आदित्य ने आवाज दी, तो वह दौड़ते हुए वहां पहुंचे। वे देखा कि केशव बिस्तर पर अचेत पड़ा था और उसकी पल्स बिल्कुल भी नहीं चल रही थी। उन्होंने तुरंत पानी छिड़का और सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन किसी प्रकार का सुधार नहीं हुआ। इसके बाद केशव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भी बहुत कोशिश की और सीपीआर दिया। हालांकि, महज 10 मिनट के अंदर उसकी मौत हो गई। आदित्य ने बताया कि गिरने के बाद केशव ने दो बार जोर-जोर से सांस ली थी। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक को उसकी मौत का कारण बताया है।