
आज अबु धाबी के शेख जायद स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच खेला जाना हैं। टॉस हो चुका हैं जिसमें पंजाब को जीत मिली हैं और मुंबई को बल्लेबाजी का मौका दिया गया। पंजाब में ग्लेन मैक्सवेल, निकोलस पूरन, जिमी नीशम और शेल्डन कॉटरेल विदेशी खिलाड़ी हैं। वहीं मुंबई में क्विंटन डिकॉक, कीरोन पोलार्ड, ट्रेंट बोल्ट और जेम्स पैटिंसन विदेशी खिलाड़ी हैं। पिछली हार के गम को भुलाकर नए जोश के साथ दोनों टीमें मैदान पर उतरेंगी। फिलहाल अंक तालिका में दोनों ही दो-दो अंकों के साथ क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर काबिज हैं। दोनों टीम जीत पाकर अंकतालिक में अपने पॉइंट्स बढ़ाना चाहेगी।
मुंबई के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने कहा कि राहुल ने मुंबई के खिलाफ काफी रन बनाए हैं। इसलिए हमनें उन्हें आउट करने के लिए खास तैयारी की है। उन्होंने कहा कि जो टीम हालात के मुताबिक खुद जल्दी ढाल सकेगी, वहीं टीम टॉप पर रहेगी।
मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं
बल्लेबाज: रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन
विकेटकीपर: क्विंटन डीकॉक
ऑलराउंडर: हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या
गेंदबाज: राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, जेम्स पैटिंसन
किंग्स इलेवन पंजाब में स्पिनर मुरुगन अश्विन की जगह कृष्णप्पा गौतम को मिली जगह
बल्लेबाज: केएल राहुल (कप्तान, विकेटकीपर), मयंक अग्रवाल, ग्लेन मैक्सवेल, निकोलस पूरन
ऑलराउंडर: करुण नायर, जिमी नीशम, सरफराज खान
गेंदबाज: कृष्णप्पा गौतम, मोहम्मद शमी, शेल्डन कॉटरेल, रवि बिश्नोई
रोहित आईपीएल में 5000 रन से 2 कदम दूर
मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल में 5000 रन बनाने से दो रन दूर हैं। वे 191 मैचों में 31.63 की औसत से 4998 रन बना चुके हैं। अब तक केवल दो बल्लेबाज ही आईपीएल में 5000 से ज्यादा रन बना सके हैं। कोहली ने 178 मैचों में 37.68 की औसत से 5426 रन बनाए हैं। रैना के 193 मैचों में 33.34 की औसत से 5368 रन हैं।
दोनों टीमों के सबसे महंगे खिलाड़ी
पंजाब में कप्तान लोकेश राहुल 11 करोड़ और ग्लेन मैक्सवेल 10.75 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं। वहीं, मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। टीम उन्हें एक सीजन का 15 करोड़ रुपए देगी। उनके बाद टीम में हार्दिक पंड्या का नंबर आता है, उन्हें 11 करोड़ रुपए मिलेंगे।
मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार खिताब जीता
आईपीएल इतिहास में मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार (2019, 2017, 2015, 2013) खिताब जीता है। पिछली बार उसने फाइनल में चेन्नई को एक रन से हराया था। मुंबई ने अब तक पांच बार फाइनल खेला है। वहीं, पंजाब ने अब तक एक बार फाइनल (2014) खेला था। उसे केकेआर ने तीन विकेट से हराया था।