खड्गे ने किया CWC का ऐलान, शशि थरूर सहित सचिन पायलट हुए शामिल

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार (20 अगस्त) को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) का ऐलान किया। 39 मेंबर्स की इस कमेटी में सोनिया, राहुल, प्रियंका शामिल हैं। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (90) को भी कमेटी में बरकरार रखा गया है। खड़गे ने अपनी टीम में अपने खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके शशि थरूर और राजस्थान कांग्रेस के नेता सचिन पायलट को भी शामिल किया है। इसके अलावा गांधी परिवार के तीनों चेहरों को कांग्रेस कार्यसमिति में रखा गया है। इस टीम में खड़गे के बाद सोनिया गांधी और पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का नाम है। उसके बाद राहुल गांधी, अधीर रंजन चौधरी, एके एंटनी, अम्बिका सोनी, मीरा कुमार और दिग्विजय सिंह का नाम भी शामिल है। CWC में मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह और कमलेश्वर पटेल, छत्तीसगढ़ से ताम्रध्वज साहू और राजस्थान से सचिन पायलट को जगह मिली है। तीनों राज्यों में इसी साल के आखिर में चुनाव होने हैं। खड़गे ने अपने खिलाफ चुनाव लड़ने वाले शशि थरूर को भी वर्किंग कमेटी में शामिल किया है। CWC में कुल 84 नाम हैं। इनमें CWC मेंबर, स्थायी आमंत्रित, महासचिव, विशेष आमंत्रित और प्रभारियों के नाम शामिल हैं।

अक्टूबर 2022 में खड़गे ने भंग की थी CWC

पिछले साल अक्टूबर में पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 23 सदस्यीय CWC को भंग कर दिया था और उसकी जगह एक 47 सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया था। कांग्रेस पार्टी में वर्किंग कमेटी यानी CWC टॉप एग्जीक्यूटिव बॉडी है। इसका गठन दिसंबर 1920 में कांग्रेस के नागपुर सेशन के दौरान किया गया था। इसकी अध्यक्षता सी विजयराघवाचार्य ने की थी। पार्टी के संविधान के नियमों की व्याख्या और लागू करने का अंतिम अधिकार CWC के पास ही है। इस टीम में कई युवा चेहरों का जगह मिली है, जिनमें राहुल गांधी के साथ ही सचिन पायलट, चरणजीत सिंह चन्नी, कुमारी शैलजा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, गौरव गोगोई और रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई नाम शामिल हैं। इसके अलावा यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्रीएके एंटनी को भी खड़गे की टीम में जगह दी गई है। हाल ही में उनके बेटे अनिल एंटनी बीजेपी में शामिल हुए थे, जिन्हें बीजेपी ने अपनी राष्ट्रीय टीम में भी शामिल किया है।