लोकप्रिय कथक डांस के सम्राट पंडित बिरजू महाराज का 83 साल की उम्र हार्ट अटैक से निधन हो गया। रविवार देर रात उन्होंने दिल्ली में आखिरी सांस ली। पंडित बिरजू महाराज का असल नाम बृजमोहन मिश्रा था। उनका जन्म 4 फरवरी, 1938 को लखनऊ में हुआ था। उनके पोते स्वरांश मिश्रा ने फेसबुक पोस्ट के जरिये उनके निधन की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि रविवार की रात दिल्ली स्थित अपने घर में पंडित बिरजू महाराज अपने पोते के साथ हंस-खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें साकेत अस्पताल से जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पद्म विभूषण से सम्मानित कथक नर्तक बिरजू महाराज ने पिछले साल दिसंबर में कहा था कि इस कला का भविष्य उज्ज्वल है, क्योंकि भले ही शास्त्रीय नृत्य सभी के सीखने की चीज न हो लेकिन ऐसे कलाकारों की पर्याप्त संख्या है जो इस परंपरा को आगे ले जा रहे हैं।
पंडित बिरजू महाराज गुरु, नर्तक, कोरियोग्राफर, गायक और कंपोजर थे। वे तालवाद्य बजाते थे, कविता लिखते थे और चित्रकारी भी करते थे। उनके शिष्य जाने-माने कलाकार हैं और दुनियाभर में फैले हैं।
1983 में पद्म विभूषण से सम्मानित बिरजू महाराज ने बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी डांस कोरियोग्राफ किया। जिसमें उमराव जान, डेढ़ इश्कियां, बाजीराव मस्तानी जैसी फिल्में शामिल हैं। पद्म विभूषण के अलावा उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और कालिदास सम्मान भी मिल चुका है। वहीं 2012 में विश्वरूपम फिल्म में कोरियोग्राफी के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
अदनान सामी ने जताया दुख नर्तक होने के साथ साथ शास्त्रीय गायक रहे बिरजू महाराज के निधन पर कई बड़ी हस्तियों ने दुख व्यक्त किया। प्रसिद्ध सिंगर अदनान सामी ने ट्विटर पर लिखा- ‘महान कथक नर्तक पंडित बिरजू महाराज जी के निधन की जानकारी से अत्यंत दुखी हूं। हमने कला के क्षेत्र में एक अद्वितीय संस्थान खोया है। उन्होंने अपनी प्रतिभा से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। उनकी आत्मा को शांति मिले।’
'आज भारतीय संगीत की लय थम गई'इसके अलावा भोजपुरी लोक गायक मालिनी अवस्थी ने ट्विटर पर लिखा- ‘आज भारतीय संगीत की लय थम गई। सुर मौन हो गए। भाव शून्य हो गए। कथक के सरताज पंडित बिरजू महाराज जी नहीं रहे। लखनऊ की ड्योढ़ी आज सूनी हो गई। कालिकाबिंदादीन जी की गौरवशाली परंपरा की सुगंध विश्व भर में प्रसरित करने वाले महाराज जी अनंत में विलीन हो गए। आह! अपूर्णीय क्षति है यह ॐ शांति’
साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त करते हुए एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- 'कथक सम्राट, पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका जाना कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।'