कर्नाटक: बस पलटने से 8 की मौत, 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल

कर्नाटक में एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है। यहां के तुमकुर जिले में पावागड़ा के पास बस के पलटने से 8 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें कुछ छात्र भी शामिल है। बस में 60 के करीब यात्री सवार थे। तुमकुर पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि ड्राइवर द्वारा बस पर नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 20 घायलों में से 8 को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वाले और घायलों में कुछ विद्यार्थी भी शामिल हैं।

इससे पहले बीते मंगलवार को कर्नाटक के विजयनगर जिले के बनवीकल्लू में राष्ट्रीय राजमार्ग 50 पर एक वाहन पलट गया था। इस दुर्घटना में 4 महिलाओं समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी और 9 लोग घायल हो गए थे। वाहन में सवार सभी यात्री रामेश्वरम जा रहे थे।