कर्नाटक: बेंगलुरु में होटल से भागा ओमीक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित मरीज, एयरपोर्ट से 10 अन्य लोग भी गायब

कर्नाटक में ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले 2 लोगों में से एक व्यक्ति होटल से भाग गया है। राज्य सरकार ने बताया कि एक निजी लैब से कोविड निगेवटिव सर्टिफिकेट मिलने के बाद से वह शख्स लापता है। इसके अलावा प्रशासन उन 10 और लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है जो कथित तौर पर हवाईअड्डे से लापता हो गए थे।

कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने ओमिक्रॉन पर शुक्रवार को टॉप अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि लापता लोगों का जल्द पता लगाया जाना चाहिए। यात्रियों को उनकी रिपोर्ट आने तक हवाईअड्डे से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।

बेंगलुरु महानगरपालिका के कमिश्नर गौरव गुप्ता ने बताया कि सभी विदेशी नागरिक दक्षिण अफ्रीकी देशों से आए हैं। फिलहाल इनके फोन अभी बंद हैं। इन यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जो पता दर्ज किया था, उस पर भी ये नहीं मिले हैं।