कर्नाटक : दूसरी जाति के लड़के के साथ संबंध को लेकर पिता ने की बेटी की हत्या

बेंगलूरू। बेंगलुरु के पास एक व्यक्ति ने अपनी 20 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी, क्योंकि उसे पता चला कि उसकी बेटी का दूसरी जाति के लड़के के साथ संबंध है। पुलिस के मुताबिक, देवनहल्ली के पास बिदालुरु गांव में रहने वाली कॉलेज छात्रा कवाना को उसके पिता मंजूनाथ ने लड़के के साथ रिश्ता खत्म करने की चेतावनी दी थी। हालाँकि, कवाना ने ध्यान देने से इनकार कर दिया।

इतना ही नहीं कवाना की छोटी बहन भी किसी दूसरे लड़के के साथ रिलेशनशिप में थी। मंजूनाथ ने कवाना पर आरोप लगाया कि वह अपनी छोटी बहन को बिगाड़ने और एक लड़के से प्यार करने के लिए जिम्मेदार है।

बुधवार की रात इस मामले को लेकर मंजूनाथ और कवाना के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर मंजूनाथ ने चाकू उठाया, कवाना का गला रेत दिया और उसके पैरों और हाथों पर कई बार वार किए।

वारदात को अंजाम देने के बाद मंजूनाथ ने खुद को पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया। गौरतलब है कि मंजूनाथ की छोटी बेटी ने भी अपने रिश्ते पर अपने पिता के विरोध को लेकर पुलिस से संपर्क किया था। बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुरूषोत्तम के अनुसार, मंजूनाथ ने संभवतः अपने परिवार के बारे में दुर्भावनापूर्ण गपशप के कारण हत्या की।

एसपी ने कहा, हमारी जांच के दौरान, हमें पता चला कि कवाना दूसरे समुदाय के एक लड़के के साथ रिश्ते में थी। यहां तक कि उसकी छोटी बहन भी एक लड़के के साथ रिश्ते में थी। दुर्भाग्य से, गांव के लोग पीड़ित के परिवार के बारे में दुर्भावनापूर्ण गपशप कर रहे हैं, इसके चलते ऐसा प्रतीत होता है कि इसने आरोपी मंजूनाथ को हत्या करने के लिए प्रेरित किया।