रैली के दौरान भगवान राम की मूर्ति पर चढ़े BJP विधायक, कांग्रेस ने की आलोचना; VIDEO

कर्नाटक में गुरुवार को एक रैली के दौरान भगवान राम को माला पहनाने के लिए BJP के एक MLA उनकी मूर्ति पर ही चढ़ गए। कर्नाटक कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट से इस घटना का एक फोटो शेयर किया गया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि कर्नाटक के बीदर जिले में बसवकल्याण सीट से विधायक शरणू सालागर (Sharanu Salagar) भगवान राम की मूर्ति को माला पहनाने के लिए मूर्ति पर ही चढ़ गए। इसके बाद कांग्रेस ने भगवान राम का अपमान करने के लिए भाजपा विधायक की आलोचना का एक अभियान शुरू कर दिया है।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में विधायक सालागार भगवान राम की प्रतिमा पर चढ़कर उस पर एक बड़ी माला डालते हुए दिखाई दे रहे हैं और वे कुछ सेकंड के लिए वहीं रुक जाते हैं। वह प्रतिमा पर हाथ जोड़कर और तस्वीरों के लिए पोज देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के हिंदुत्व के दावे और भगवान राम के प्रति भक्ति पर सवाल उठाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने भगवान राम का अपमान किया है।

बता दे, चुनाव आयोग ने बुधवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी। कर्नाटक में 10 मई को इलेक्शन होंगे और मतगणना 13 मई को होगी।