पूर्व कप्तान कपिल देव को मिली अस्पताल से छुट्टी, चेतन शर्मा ने ट्वीट कर दी जानकारी

भारत के पहले वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। कपिल देव गुरुवार को हार्ट अटैक की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे। 61 साल के कपिल की शुक्रवार को आपातकालीन कोरोनरी एंजियोप्लास्टी की गई।

चेतन शर्मा ने अस्पताल के डॉक्टर अतुल माथुर के साथ कपिल की एक तस्वीर पोस्ट की है। डॉक्टर माथुर ने ही कपिल की एंजियोप्लास्टी की थी।

अस्पताल की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, 'कपिल देव को आज (रविवार) दोपहर के बाद छुट्टी दे दी गई। वह पहले से अच्छी स्थिति में हैं और जल्दी ही अपनी रोजमर्रा की एक्टिविटी शुरू कर सकते हैं।

कपिल को हार्ट अटैक पड़ने के बाद सचिन तेंडुलकर, विराट कोहली और अन्य कई जानी-मानी हस्तियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। भारत को 1983 में पहला क्रिकेट विश्व कप जितवाने वाले कप्तान कपिल टेस्ट क्रिकेट में भारत के दूसरे सबसे कामयाब गेंदबाज हैं।

कपिल देव क्रिकेट के इतिहास में एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 400 से ज्यादा (434) विकेट अपने नाम कर टेस्ट मैचों में 5000 से ज्यादा रन जुटाए हैं। उन्हीं की कप्तानी में पहली बार भारत ने 1983 में वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया था।