कंगना का महाराष्ट्र सरकार पर तंज- क्रूरता और अन्याय कितने भी शक्तिशाली क्यूं न हों, आखिर में जीत भक्ति की ही होती है

महाराष्ट्र सरकार पर कंगना रनोट (Kangana Ranaut) ने शनिवार को फिर निशाना साधा है। कंगना रनौत ने एक ट्वीट किया है। साथ ही एक फोटो भी शेयर की है। ये फोटो सोमनाथ मंदिर की है। एक्ट्रेस ने ट्विटर पर सोमनाथ मंदिर की फोटो शेयर कर लिखा, 'सोमनाथ को कितने दरिंदों ने कितनी बार बेरहमी से उजाड़ा, मगर इतिहास गवाह है- क्रूरता और अन्याय कितने भी शक्तिशाली क्यूं न हों, आखिर में जीत भक्ति की ही होती है, हर हर महादेव।'

बताया जाता है कि गुजरात के सोमनाथ मंदिर को कई बार तोड़ने की कोशिश की गई थी। कई बार उस मंदिर के अस्तित्व को मिटाने का प्रयास हुआ। लेकिन लोगों की भक्ति ने उसे हमेशा फिर खड़ा कर दिया। अब कंगना ने उसी बात को याद करते हुए ट्वीट किया है।

बीएमसी ने बुधवार को कंगना का ऑफिस तोड़ दिया था। इसके बाद से कंगना ने शिवसेना पर हमले तेज कर दिए हैं। अब कंगना ने बिना नाम लिए फिर उद्धव ठाकरे सरकार पर हमला बोल दिया है। एक्ट्रेस को पूरा विश्वास है कि उनका ये ऑफिस भी फिर और ज्यादा मजबूत नींव के साथ खड़ा हो जाएगा। इससे पहले एक्ट्रेस ने इस घटना को राम मंदिर से भी जोड़ दिया था। कंगना ने कहा था कि बाबर ने मंदिर तोड़ा था, लेकिन वो फिर बन रहा है, अब उनका ऑफिस भी दोबारा बना दिया जाएगा। लेकिन कंगना के इस बयान पर काफी बवाल खड़ा हो गया था। एक्ट्रेस को कई दल ने अपने निशाने पर लेने की कोशिश की थी।

इसके अलावा बीएमसी की कार्रवाई पर कंगना ने कहा था कि मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से कर गलती नहीं की थी। एक्ट्रेस ने बीती रात ट्विटर पर एक मिनट का वीडियो शेयर कर कहा कि महाराष्ट्र में सरकार का आतंक और अत्याचार बढ़ते ही जा रहे हैं। उन्होंने मुंबई में नेवी के पूर्व अफसर से कथित शिवसैनिकों की हाथापाई और एक टीवी चैनल के खिलाफ राज्य सरकार की कार्रवाई का जिक्र किया है।

कंगना की मां ने शिवसेना को लताड़ा

आशा रनौत ने कहा- 'अगर कंगना गलत होती तो देश की जनता उसके साथ नहीं होती। कैसी सरकार है। मेरी बेटी उसकी प्रजा का एक अंग है। उसके साथ इतना अन्याय हुआ है। ये कैसी सरकार है। इसको सरकार बोलते हैं। ये बाल ठाकरे की शिवसेना है, नहीं। ये वो बाल ठाकरे की शिवसेना नहीं है, जिसे हम बचपन से सुनते आ रहे हैं। ये शिवसेना डरपोक है, कायर है। मेरी बेटी ने 15 साल मेहनत करके एक-एक पैसा जोड़कर ऑफिस बनाया। उनकी तरह थोड़ी हम खानदानी हैं। हम एक मध्यम परिवार से हैं। सब ने देखा है कि मेरी बेटी ने कैसे मेहनत से पैसा इकट्ठा किया है। इनके पास तो अपने मां-बाप की प्रॉपर्टी है, जिसके ऊपर वो इतना घमंड कर रहे हैं और अत्याचार कर रहे हैं।'

आशा रनौत ने कहा- 'मेरी बेटी ने सच्चाई का साथ दिया है। पूरे भारत वर्ष मेरी बेटी के साथ खड़ा है और खड़ा रहेगा। मैं अमित शाह और हिमाचल सरकार का धन्यावाद करती हूं, जिन्होंने मेरी बेटी की सुरक्षा की। कंगना की मां आश देवी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर का भी धन्‍यवाद किया।'

आशा रनौत ने कहा - 'इन लोगों का तो क्या पता ये क्या करते। इनका कोई विश्वास नहीं है। क्यों भाजपा सुरक्षा नहीं देती मेरी बेटी को, क्यों विपक्ष पार्टियां बोलती हैं। उन्हें क्या तकलीफ है, क्या उनके घर में बेटियां नहीं हैं। क्यों उन लोगों ने मेरी बेटी के बारे में इतनी बकवास बातें बोली। अगर कोई सच्चाई का साथ दे तो उसका साथ देना चाहिए।'

उधर, महाराष्ट्र सरकार ने कंगना के खिलाफ ड्रग्स मामले में शुक्रवार को जांच के आदेश दिए। राज्य के गृह मंत्रालय के आदेश पर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच इसकी जांच करेगी। कंगना के पूर्व बॉयफ्रेंड अध्ययन सुमन ने एक्ट्रेस पर ड्रग्स लेने के आरोप लगाए थे।