रांची: घुड़सवारी सीखने गई छात्रा के साथ शादी का झांसा देकर किया दुष्‍कर्म, आरोपी गिरफ्तार

रांची के मोरहाबादी इलाके की रहने वाली छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा से उसके घुड़सवार प्रशिक्षक ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। छात्रा चार माह की गर्भवती है और उसने रांची के महिला थाने में यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है। महिला थाने की पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि गिरफ्तार आरोपित एक बड़े बिल्‍डर परिवार का है। आरोपित को बचाने के लिए पुलिस के पास उसकी पैरवी भी आई।

आरोपी राजेश कुमार सिंह रांची के कोकर सदर थाना क्षेत्र के हैदर अली रोड का रहने वाला है। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि घुड़सवारी सिखाने के लिए ओरमांझी ले जाकर राजेश कुमार ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर डरा-धमका कर चुप करा दिया और शादी का प्रस्ताव दिया। इससे वह उसके झांसे में आ गई। वह बिना किसी को कुछ बताए उससे शादी के इंतजार में रही। उधर, आरोपित शादी करने से लगातार टाल-मटोल करता रहा। इस बीच पीडि़ता गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने रांची के महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया।

बता दे, शुक्रवार को आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद उसे हिरासत में रखा गया । शनिवार को उसकी कोरोना जांच के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात स्‍वीकार की है।