झारखंड / 5वीं की छात्रा से 5 लड़कों ने रातभर किया गैंगरेप, पीड़िता के माता-पिता ने 2 आरोपियों पर किया हमला, हाथ-पैर काटने की करी कोशिश

झारखंड के गुमला में 5वीं क्लास की बच्ची को 5 लड़कों ने पहले घर से अगवा किया फिर उसके साथ रातभर गैंगरेप किया। घटना शनिवार देर रात की है। रविवार को मामले को दबाने की कोशिश की गई। घटना का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ित के माता-पिता ने दो आरोपियों पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों आरोपियों के हाथ और पैर काटने की कोशिश की। दोनों घायल आरोपी जब अस्पताल में भर्ती हुए, तब वारदात का खुलासा हुआ। परिजन के मुताबिक, घटना की जानकारी पीड़ित के माता-पिता को मिली तो उन्होंने दो आरोपियों को पकड़ लिया और जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से दोनों आरोपियों के हाथ-पैर पर वार किया।

ग्रामीणों की मानें तो घटना को लेकर गांव में एक पंचायत हुई, जिसमें आरोपियों ने पीड़ित परिजन पर केस दर्ज नहीं कराने का दबाव बनाया। लड़की को जान से मारने और उसके घर को आग लगाने की धमकी दी गई। फिलहाल, पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में एसडीपीओ कुलदीप कुमार मंगलवार दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

पीड़ित और आरोपी दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। घटना की जानकारी होने के बाद दोनों समुदायों के बीच तनाव का माहौल है। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित के गांव में पुलिस लगातार कैंप कर रही है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।