झारखंड: बाजार से लौट रही तीन बच्चों की मां के साथ गैंगरेप, एक आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के गुदरी थाना क्षेत्र के जोभी पाठ बाजार से लौट रही तीन बच्चों की मां के साथ 4 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना 14 जनवरी की है। पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस नें आरोपी मनोज मुंडा को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और बाकी आरोपियों के बारे में जानकारी ले रही है। पीड़िता के पति ने मनोज मुंडा के अलावा अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ गुरदरी थाना में FIR दर्ज कराया है।

पीड़िता के अनुसार, वो 14 जनवरी को घर से जोभी पाठ बाजार के लिए निकली थी। बाजार से लौटने के क्रम में निनार पाठ गांव के मनोज मुंडा और उसके तीन साथी पीछे आ रहे थे। जैसे ही महिला ढंग बंधी जंगल के पास पहुंची तो अचानक उसे चारों ने पकड़ लिया और जंगल में ले गए। वहां चारों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला बेहोश हो गई।

इधर, पीड़िता के पति ने बताया कि देर रात तक जब पत्नी बाजार से घर नहीं लौटी तो उसे खोजने निकला। इसी बीच सड़क किनारे जंगल से कुछ युवकों की आवाज आ रही थी तो वो उस तरफ गया। पीड़िता के पति को देख सभी भाग निकले। इसके बाद पत्नी को उठाकर वो घर लाया और पूरी घटना की जानकारी ली।