जापान के पूर्व PM शिंजो आबे को मारी गोली, नारा शहर में भाषण के दौरान हमलावर ने की फायरिंग

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर जानलेवा हमला हुआ है। उनको गोली मारी गई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शिंजो आबे को नारा शहर में सुबह गोली मारी गई। गोली शिंजो आबे के सीने में लगी है, उनको तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। खून ज्यादा निकल जाने की वजह से आबे की हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, गोली लगने के बाद शिंजो आबे को कार्डिएक अरेस्ट भी आ गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, नारा शहर में शिंजो आबे एक सभा में भाषण दे रहे थे, तभी किसी ने गोली चला दी। ऐसे में मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। फिलहाल एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।

जापान स्थित मीडिया हाउस एनएचके ने अपनी रिपोर्ट में बताया, 'जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को शुक्रवार को पश्चिमी जापानी शहर नारा में गोली मार दी गई। पूर्व जापानी प्रधानमंत्री आबे नारा शहर में एक भाषण के दौरान गिर गए। शुरुआती खबरों में कहा गया है कि वह घायल हुए हैं।'

हमले के बाद के कुछ वीडियोज भी अब सामने आने लगे हैं। इसमें वहां भगदड़ की स्थिति साफ देखी जा सकती है।

शिंजो आबे ने साल 2020 में स्वास्थ्य का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।। वह लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास दोस्त हैं। कई मौकों पर पीएम मोदी और शिंजो आबे एक दूसरे को याद कर चुके हैं।