IPL 2020 : धोनी से विवाद की खबरों पर बोले सुरेश रैना, दिए वापस लौटने के संकेत

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 19 सितंबर से इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन की शुरुआत होने जा रही हैं। इससे पहले ही यह तब चर्चा में आ गया था जब सुरेश रैना अचानक लीग को छोड़कर भारत लौट आए। इसको लेकर लगातार खबरें थी कि सुरेश रैना का महेंद्र सिंह धोनी से विवाद चल रहा था। लेकिन अब सुरेश रैना ने खुद इसकी सच्चाई सामने रखी हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि होटल के कमरे को लेकर रैना और सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बीच मनमुटाव था, जिसके कारण ही वो स्वदेश लौट आए।

रैना ने धोनी को अपने बड़े भाई की तरह बताया। रैना ने कहा कि उनके और सीएसके टीम मैनेजमेंट के बीच किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। भारत लौटने का फैसला करना काफी मुश्किल भरा था। सीएसके मेरा परिवार है और माही भाई मेरे लिए सब कुछ हैं। सुरेश रैना की माने तो यह सब पकाई गई खबरें हैं।

रैना ने साथ ही कहा कि वो इस सीजन में सीएसके के लिए वापसी कर भी सकते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा के लिए सीएसके खिलाड़ी हूं, अगर दुबई में परिस्थितियां बेहतर होती हैं, तो मैं शायद लौट जाऊं, मेरे लिए दरवाजे अभी बंद नहीं हुए हैं।'

रैना ने साथ ही कहा कि यह फैसला लेना उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि उन्होंने इस टूर्नामेंट के लिए काफी तैयारी की थी। सुरेश ने अपने इस निर्णय को पूर्णत: व्यक्तिगत बताया। CSK को अपना परिवार महेंद्र सिंह धोनी को खुद के लिए महत्वपूर्ण भी कहा।