आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है, और दिल्ली की महिलाओं के लिए यह दिन खास होने वाला है। सरकार द्वारा शुरू की गई महिला सम्मान योजना के तहत बीपीएल महिलाओं को 2500 रुपये की पहली किस्त मिलने की उम्मीद है। हालांकि, यह तय होगा आज सुबह 11 बजे होने वाली दिल्ली कैबिनेट बैठक में, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी। सूत्रों के मुताबिक, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में एक कार्यक्रम के दौरान इस योजना का ऐलान किया जा सकता है, जिसमें सीएम रेखा गुप्ता और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे। बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया था, जिसे अब अमल में लाया जा सकता है।
किन्हें मिलेगा लाभ?फिलहाल, इस योजना का लाभ सिर्फ बीपीएल कार्डधारक महिलाओं को मिलेगा। हालांकि, सरकार आगे चलकर इसे अन्य ज़रूरतमंद महिलाओं के लिए भी विस्तारित कर सकती है। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री के उस वादे की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने महिला दिवस पर दिल्ली की महिलाओं के खाते में 2500 रुपये ट्रांसफर करने की बात कही थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि महिला दिवस से पहले महिलाओं को उनके खाते में पैसे आने का मैसेज मिल जाएगा।
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?इस योजना का लाभ पाने के लिए कुछ पात्रता शर्तें तय की गई हैं। सूत्रों के अनुसार, यह योजना केवल उन महिलाओं के लिए होगी जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं है और जो इनकम टैक्स नहीं चुकाती हैं। इसके अलावा, 21 से 60 साल की उम्र की महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। साथ ही, वे महिलाएं जो किसी भी सरकारी नौकरी में कार्यरत हैं या किसी अन्य सरकारी वित्तीय सहायता योजना की लाभार्थी हैं, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
रजिस्ट्रेशन और लाभ मिलने की प्रक्रियाबीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा था कि महिला सम्मान योजना के लिए पंजीकरण 8 मार्च से शुरू होगा। इसके बाद पात्र महिलाओं की सूची तैयार की जाएगी। सरकार द्वारा आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद करीब डेढ़ महीने के भीतर सभी योग्य महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे।
महिला सम्मान योजना के लिए क्राइटेरिया आवेदक महिला दिल्ली की नागरिक हो
महिला सरकारी नौकरी या रिटायर्ड कर्मचारी न हो
महिला गरीबी रेखा से नीचे या EWS कैटेगरी में आती हो
परिवार की सालाना आय 2.5 लाख से अधिक न हो
महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए
महिला पहले से किसी अन्य योजना का लाभ न उठा रही हो
महिला सम्मान योजना पर AAP का हमला, जानें पात्रता और जरूरी दस्तावेजमहिला सम्मान योजना को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली की रेखा सरकार पर लगातार हमला कर रही है। हाल ही में AAP कार्यकर्ताओं ने ईटीओ रेड लाइट पर विरोध प्रदर्शन किया और फ्लाईओवर पर एक बड़ा पोस्टर लगाया। इस पोस्टर पर लिखा था— 3 दिन बाकी, महिलाओं को सम्मान कब देगी सरकार? महिलाओं के खाते में 2500 रुपए भेजने में 3 दिन बाकी! हालांकि, AAP कार्यकर्ताओं के जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत पोस्टर हटा दिया।
महिला सम्मान योजना के लिए जरूरी दस्तावेजयदि आप इस योजना के लिए पात्र हैं, तो आपको आवेदन के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी:
- आधार कार्ड
- दिल्ली का निवास प्रमाण पत्र
- BPL कार्ड
- आधार कार्ड से लिंक बैंक अकाउंट नंबर
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर
- आय प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
- जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)