दुबई जा रही इंडिगो फ्लाइट में बम रखने की मिली धमकी, 6 घंटे बाद रवाना हुई, आरोपी गिरफ्तार

चेन्नई से दुबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में शनिवार को बम रखे जाने की धमकी दी गई। इस कारण ये उड़ान छह घंटे की देरी से चल रही थी। बाद में एयर पोर्ट अधिकारियों ने बताया कि प्राइवेट एयरलाइन इंडिगो के शनिवार को दुबई जा रहे विमान में बम होने की धमकी से जुड़ा फोन कॉल फर्जी निकला।

उन्होंने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में एक अज्ञात कॉल आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यह पता लगाने के लिए गहन जांच की कि क्या इंडिगो के विमान में कोई विस्फोटक रखा गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, हालांकि विमान में ऐसी कोई चीज नहीं मिली, जिससे अधिकारियों और दूसरे लोगों ने राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि जिस विमान को सुबह 7.20 बजे रवाना होना था, उसने जांच के बाद दिन में अपने गंतव्य के लिए उड़ान भरी।

एयरलाइन ने कहा, एक बम की धमकी के कारण, दुबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 65 चेन्नई में देरी हुई। प्रोटोकॉल के अनुसार, विमान को दूर एक बे में ले जाया गया। बम की खोजबीन शुरू की गई। चेन्नई से करीब छह घंटे की देरी के बाद उड़ान का टैकऑफ कराया गया। इस फ्लाइट से 170 लोग यात्रा करने वाले थे।

पुलिस ने लगाया धमकी देने वाले का पता

चेन्नई से दुबई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट के उड़ान भरने से पहले अंजान नंबर से बम की धमकी का कॉल आया था। यह फोन पुलिस कंट्रोल रूम में किया गया था। इसमें बम से फ्लाइट को उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद एयरपोर्ट पुलिस को सूचना दी गई। फ्लाइट और यात्रियों की पूरी छानबीन हुई, लेकिन कुछ नहीं मिला। पुलिस ने जब धमकी देने वाले का पता लगाया तो हैरान कर देने वाली बात सामने आई।

पुलिस ने कॉल करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया। इसने नशा किया हुआ था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने परिवार वालों को विदेश जाने से रोकना चाहता था। इसलिए उसने बम की धमकी का कॉल किया। यह व्यक्ति चेन्नई का ही रहने वाले हैं और उसके परिवार वाले शनिवार सुबह दुबई जा रहे थे। इस तरह यह धमकी का फोन कॉल फर्जी निकला।