कोरोना का असर! रेलवे का बड़ा फैसला, 9 मई से रद्द कर दीं राजधानी, शताब्दी और दुरंतो एक्सप्रेस

बढ़ते कोरोना संक्रमण और यात्रियों की कमी के चलते रेलवे ने दिल्ली से चलने वाली 28 ट्रेनों को 9 मई से रद्द कर दिया है। इनमें 8 जोड़ी शताब्दी, 2 जोड़ी जनशताब्दी, 2 दुरंतो, 2 राजधानी और एक वंदे भारत ट्रेन भी शामिल हैं। अगले आदेश तक ये ट्रेनें नहीं चलेंगी।

इनमें दिल्ली से कालका, हबीबगंज, अमृतसर, चंडीगढ़ जाने वाली शताब्दी, दिल्ली से चेन्नई और बिलासपुर जाने वाली राजधानी और जम्मू तवी और पुणे जैसी जगहों से आने वाली शताब्दी शामिल हैं।

मध्य रेलवे ने 23 यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें नागपुर-कोल्हापुर स्पेशल 29 जून तक, CSMT-कोल्हापुर स्पेशल 1 जुलाई तक, CSMT-पुणे स्पेशल 30 जून तक शामिल हैं।

पिछले 24 घंटे में नए मरीजों और मौत के आंकड़ों ने पुराने सभी रिकॉर्ड ध्‍वस्‍त कर दिए हैं। पिछले एक दिन में देशभर में 4 लाख 12 हजार 262 पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जबकि 3,980 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।

ये दूसरी बार है जब एक दिन में कोरोना के 4 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। इससे पहले 30 अप्रैल को 4 लाख 2 हजार 14 मामले सामने आए थे। उस दिन 3525 मरीजों की मौत हुई थी।