भारत में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 74 करोड़ के पार, 6 राज्यों की पूरी 18+ आबादी को वैक्सीन का पहला डोज लगा

भारत में कोरोना वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू हुए 8 महीने पूरे होने वाले हैं। यहां इस साल 16 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू किया गया था। भारत हर दिन कोरोना वैक्सीनेशन में एक नई उपलब्धि हासिल कर रहा है। देश भर में रविवार तक कुल 74 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। इसके साथ ही गोवा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, सिक्किम, लक्षद्वीप, दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव में 100% 18+ आबादी को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।

कोविन पोर्टल डेटा के मुताबिक, रविवार को रात 10 बजे तक 53.15 लाख टीके लगे हैं। इससे देश भर में कुल लगे डोज की संख्या 74.29 करोड़ हो गई है। इनमें 56.53 को पहला और 17.77 करोड़ को दूसरा डोज लग चुका है।

भारत चीन से पीछे

भारत कुल डोज के मामले में सिर्फ चीन से पीछे हैं। वहां अब तक 2.14 अरब डोज लगाए जा चुके हैं। तीसरे नंबर पर अमेरिका और चौथे पर ब्राजील काबिज है। दोनों डोज लगाने के मामले में चीन पहले, अमेरिका दूसरे और भारत तीसरे नंबर पर है।